मुंबई, 22 फरवरी (हि.स.)। शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने रविवार को राज्य सरकार बिना विपक्षी नेता के बजट सत्र चलाना चाहती है। राऊत ने कहा कि यह लोकतंत्र की प्रथा और परंपराओं के विरुद्ध है।

संजय राऊत ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र सरकार का बजट सत्र सोमवार से शुरु हो रहा है। विधानसभा में विपक्षी नेता के लिए हमने विधायक भास्कर जाधव का नाम दिया है, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस पर अब तक निर्णय नहीं लिया है। राऊत ने कहा कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि सभागृह में विपक्षी नेता की नियुक्ति का अधिकार अध्यक्ष के पास है, वे समय आने पर इसका फैसला करेंगे। संजय राऊत ने कहा कि विधान परिषद में भी विपक्षी नेता पद रिक्त है। परिषद में कांग्रेस के विधायक का नाम दिया गया है, लेकिन विधानपरिषद के सभापति ने भी इस संबंध में निर्णय नहीं लिया है।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस मुद्दे पर कहा था कि विधानसभा में विपक्षी नेता पद के लिए कुल विधायकों के १० फीसदी विधायकों की जरुरत रहती है। यह आंकड़ा किसी भी विपक्षी दल के पास नहीं है। इसलिए यह पद सबकी सहमति के बाद ही लिया जा सकता है। अध्यक्ष ने कहा था कि बहुत जल्द वे इस संबंध में निर्णय लेंगे। हालांकि, आज अध्यक्ष ने इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
