जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल (हि. स.)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में प्राणघातक हमले के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कई घातक हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपित को आज बुधवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित शांति लाल कटकवार (34 वर्ष), निवासी ग्राम सिलादेही, ने बीती रात करीब 3 बजे ग्राम गतवा निवासी संतोष साहू के घर में घुसकर जानलेवा हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपित पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान के रास्ते संतोष साहू के घर की छत पर पहुंचा और दरवाजे का ताला आरी-ब्लेड से काटकर अंदर प्रवेश कर गया।
घर में घुसने के बाद आरोपित अपने साथ लाए कुल्हाड़ी, गंडासा, धारदार नुकीला बिन्हा और ट्रैक्टर की लोहे की नांगर पट्टी जैसे घातक हथियारों से संतोष साहू और ओमप्रकाश साहू पर लगातार हमला करता रहा। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम यूनिट की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने आरोपित के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, गंडासा, धारदार बिन्हा और ट्रैक्टर की लोहे की नांगर पट्टी बरामद कर ली है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 331(6) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
—————
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT
