

बांकुड़ा, 16 मार्च (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के बिष्णुपुर और आसपास के इलाकों में रविवार देर शाम अचानक आए कालबैसाखी तूफान ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और बारिश ने घरों, पेड़ों और बिजली व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, भड़ा गांव निवासी तापस पाल रविवार शाम अपनी ठेले पर घुघनी बेच रहे थे। अचानक मौसम बिगड़ने पर उन्होंने पास ही एक शेड के नीचे शरण ली। दुर्भाग्यवश, तेज हवाओं के झोंके से शेड भरभरा कर गिर गया और मलबे में दबने से तापस की मौके पर ही मौत हो गई।
तूफान ने बिजली व्यवस्था को भी पूरी तरह बर्बाद कर दिया। कई जगह पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए हैं। रविवार की रात अधिकांश लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहे, और सोमवार को भी इलाके में बिजली बहाल नहीं हो पाई है। बिजली न होने के कारण घरों में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई।
स्थानीय ग्रामीण लोग बिजली विभाग की कार्रवाई से असंतोष जता रहे हैं। विभाग का कहना है कि मरम्मत का काम चल रहा है। विभिन्न स्थानों पर एक साथ तार टूटने के कारण समय लग रहा है। कार्य जारी है, लेकिन भारी नुकसान के कारण बिजली बहाल होने में समय लग सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गिरे हुए बिजली के तारों और मलबे से दूर रहें और सतर्क रहें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
