गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बीएचईएल में सद्भाव मिलन का आयोजन

हरिद्वार,25 जनवरी (हि.स.)। 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बीएचईएल हरिद्वार में रविवार काे सद्भाव मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय शासन-प्रशासन के गणमान्य व्यक्ति,पत्रकारिता जगत के प्रतिनिधि,बीएचईएल के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी तथा बीएचईएल के ग्राहक प्रतिनिधियों आदि ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। सद्भाव मिलन कार्यक्रम के मेजबान व बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने सभी उपस्थित अतिथियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समारोह को सम्बोधित करते हुए रंजन कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से,परस्पर सौहार्द की भावना को बल मिलता है। उन्होंने बीएचईएल की प्रगति यात्रा में सहभागी रहे विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं का भी आभार प्रकट किया। इससे पहले गणतंत्र दिवस समारोह समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथियों के अतिरिक्त बीएचईएल के महाप्रबंधकगण, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता,यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि,गणतंत्र दिवस समारोह समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में बीएचईएल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
