—प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन

वाराणसी, 28 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में अंतर संकाय युवा सांस्कृतिक महोत्सव स्पंदन का आयोजन 21 से 25 फरवरी के बीच किया गया है। महोत्सव में विभिन्न संस्थानों, संकायों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी विविध सांस्कृतिक गतिविधियों व प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता करते हैं। इनमें रंगोली, संस्कृत भाषण, कविता लेखन, मेहंदी, नृत्य, पेंटिंग, फोटोग्राफी, संगीत, साहित्य एवं नाटक एवं अन्य प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। यह जानकारी बुधवार काे विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी।

बताया गया कि महोत्सव के आयोजन से पूर्व विभिन्न विभागों, संकायों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों में प्राथमिक स्तर पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। संकाय स्तर पर विजेता विद्यार्थी स्पंदन में प्रतिभागिता करते हैं। महोत्सव के सफल संचालन हेतु प्रो. बी.सी. कापरी, शारिरिक शिक्षा विभाग को समन्वयक तथा डॉ. आरती निर्मल, अंग्रेजी विभाग, को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
