पलामू, 20 मार्च (हि.स.)। जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कुलहिया पंचायत अंतर्गत कोठिला गांव निवासी बीएसएफ जवान रूपेश कुमार यादव के पिता जगदेव यादव (55) की सड़क हादसे में मौत हो गई।

घटना गुरुवार को गांव के पास नहर रोड पर हुई। ग्रामीणों ने बताया कि जगदेव यादव नहर के पास बैठे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन लोगों ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
यादव महासभा के प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार यादव ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार होकर कुलहिया गांव की ओर जा रहे थे, इस दौरान यह घटना हुई। घटना के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेजा गया।
पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव गांव लाया गया, जहां बतरे नदी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी देवब्रत पोद्यार ने बताया कि थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी दिलकेश्वर कुमार बाइक चला रहा था, जिसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
