कूचबिहार, 5 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कूचबिहार में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार देर रात शीतलकुची विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार सावित्री बर्मन की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। यह हादसा माथाभांगा एक ब्लॉक के शिकरपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत पांच माइल इलाके में हुआ।

जानकारी के मुताबिक, दिनभर चुनाव प्रचार के बाद सावित्री बर्मन अपने घर लौट रही थी, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर से बचने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार पलट गई। इस दुर्घटना में उम्मीदवार सावित्री बर्मन, उनके चालक परितोष बर्मन सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले माथाभांगा महकमा अस्पताल ले जाया गया, बाद में कूचबिहार के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत अब खतरे से बाहर है।
हालांकि, इस घटना को लेकर सियासत भी गरमा गई है। उम्मीदवार के पति दिनेश बर्मन ने इसे साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि जानबूझकर हमला करने की कोशिश की गई। वहीं, तृणमूल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और इसे चुनावी बयानबाजी बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार डंपर की तलाश जारी है, जबकि सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली से ठीक पहले हुई इस घटना ने इलाके में राजनीतिक माहौल को और भी गर्म कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
