कटिहार, 27 जनवरी (हि.स.)। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के द्वारा सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना है।

इस कार्यक्रम में कटिहार सदर अनुमंडल कार्यालय स्थित बुनियाद केन्द्र में कुल 37, बुनियाद केन्द्र मनिहारी में 11 एवं बुनियाद केन्द्र बारसोई में कुल 1 के चयनित लाभार्थियों के बीच कुल 49 विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और समाज के सभी वर्गों को समान अवसर प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में बुनियाद केंद्र एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग के कर्मी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह
