बरेली, 6 फरवरी (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र स्थित एजाज नगर गोटिया में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार वैगन-आर कार बेकाबू हो गई। कार ने पहले सड़क किनारे जा रहे तीन लोगों को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे का खौफनाक मंजर पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। घटना का समय सुबह करीब 10:15 बजे का है।——————
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
