दरभंगा, 10 मार्च (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल बेनीपुर में मिशन परिवार विकास पखवाड़ा का उद्घाटन अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. कुमारी भारती ने आज किया। यह कार्यक्रम सहयोगी संस्था पीएसआई इंडिया के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपाधीक्षक डॉ. कुमारी भारती ने उपस्थित लाभार्थियों के बीच परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों का वितरण किया तथा इसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन के क्षेत्र में एक नया और प्रभावी साधन सबडर्मल इंप्लांट उपलब्ध है, जिसे लगाने के बाद महिलाएं लगभग तीन वर्षों तक गर्भधारण से सुरक्षित रह सकती हैं।
इस अवसर पर दो लाभार्थियों को सबडर्मल इंप्लांट की सेवा भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधक राहुल सिंह, पीएसआई इंडिया के प्रबंधक सुमित कुमार सिंह, बीसीएम अनीता कुमारी, फैमिली प्लानिंग काउंसलर संतोष कुमार, पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रखंड प्रतिनिधि, आशा कार्यकर्ता सहित अस्पताल के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra
