बांदा, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बढ़ती बैंकिंग गतिविधियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने

सोमवार को सघन बैंक चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के अंतर्गत बैंकों, एटीएम मशीनाें एवं उनके आसपास संदिग्ध रूप से खड़े अथवा घूम रहे व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने बैंक परिसर, एटीएम बूथ एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा बिना उद्देश्य के लंबे समय से मौजूद लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंक और एटीएम मशीनाें वाले क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लूट, छिनैती, चोरी या टप्पेबाजी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए लगातार सख्ती बरती जाएगी। चेकिंग के दौरान बैंकों एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया गया।
पुलिस ने इस दाैरान सुरक्षा मानकों को परखते हुए सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, अग्निशामक यंत्र एवं आपातकालीन निकास मार्गों की जांच की। बैंक और एटीएम प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रखें और किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में तत्काल उसे ठीक कराया जाए।
पुलिस टीमों ने बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया। सुरक्षा गार्डों को निर्देशित किया गया कि ग्राहकों के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े कराए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर नियंत्रण रखा जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि इस सघन चेकिंग अभियान के चलते बैंक व एटीएम क्षेत्रों में अपराधियों में पुलिस का भय देखने को मिला, वहीं आम नागरिकों ने खुद को अधिक सुरक्षित महसूस किया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बैंक अथवा एटीएम के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
