जौनपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर (पीयू) को भारत सरकार के नेशनल इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी अवेयरनेस मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया है। यह सम्मान विश्वविद्यालय द्वारा 26 फरवरी 2026 को बौद्धिक संपदा अधिकारों (आईपीआर) पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की सफलता और सक्रिय सहभागिता के लिए दिया गया है।

यह प्रशस्ति-पत्र भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के महानियंत्रक (पेटेंट, डिजाइन और व्यापार चिह्न) प्रो. (डॉ.) उन्नत पी. पंडित की ओर से जारी किया गया है। मंगलवार को विश्वविद्यालय के आईपीआर सेल के नोडल प्रभारी प्रो. रवि प्रकाश ने यह सम्मान कुलपति प्रो. वंदना सिंह को भेंट किया।
कार्यक्रम में परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह एवं डॉ. प्रवीण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। जागरूकता कार्यशाला के सफल आयोजन में आईपीआर सेल के सदस्य प्रो. राजेश शर्मा, डॉ. रसिकेश, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. मंगला यादव के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के शिक्षकों डॉ. रीतेश बरनवाल, डॉ. शैलेश प्रजापति, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. पारुल त्रिवेदी, डॉ. विशाल यादव, पूनम सोनकर, डॉ. तुषार श्रीवास्तव एवं डॉ. ज्योति सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विश्वविद्यालय की इस उपलब्धि पर शिक्षकों और कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।————–
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
