हल्द्वानी, 11 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के हीरानगर स्थित गोल्ज्यू मंदिर में स्थापना दिवस के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया। बुधवार सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना कार्यक्रम में भक्तों की भीड़ लगी हुई है।

धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद देर शाम मंदिर परिसर में गोल्ज्यू देवता की पारंपरिक जागर आयोजित की गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और देवगाथाओं के बीच जगरियों ने गोल्ज्यू का आह्वान किया।

जैसे ही गोल्ज्यू देवता का अवतरण हुआ, पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा में हिस्सा लिया और देवता के आशीर्वाद की कामना की।
दूर-दराज क्षेत्रों से भी लोग मंदिर पहुंचकर गोल्ज्यू देवता के दर्शन और आशीर्वाद लेने में पीछे नहीं रहे। आयोजन ने शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी
