धर्मशाला, 01 मार्च (हि.स.)। पालमपुर में आयोजित पारंपरिक होली मेले का रविवार को भव्य शोभायात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक वाद्यों की मधुर धुनों और रंग-बिरंगी झांकियों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे नगर को उत्सव के रंग में रंग दिया। पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने इसका शुभारंभ किया।

शोभायात्रा पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह पालमपुर से शुरू होकार प्रमुख मार्गों से होते हुए गाँधी ग्राउंड तक पहुंची। इसमें विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों, स्वयं सहायता समूहों तथा स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा में सजे कलाकारों ने लोकनृत्य और लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे वातावरण और भी उल्लासमय बन गया। इसके पश्चात गांधी मैदान में महा नाटी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विधायक आशीष बुटेल ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोकर रखें तथा समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
होली मेले के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
