भागलपुर , 05 मार्च (हि.स.)। रेलवे की राइट्स टीम ने डीआरएम के साथ गुरुवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का जायजा लिया।

स्टेशन परिसर में प्रस्तावित होल्डिंग एरिया, यात्रियों की सुविधाओं और आवागमन व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का मुआयना कर विकास कार्यों की संभावनाओं पर चर्चा की। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन के बाहर यात्रियों की सुविधा के लिए एक व्यवस्थित होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा।

इससे यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान राइट्स टीम ने भी कई आवश्यक सुझाव दिए। रेल अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन के बाहर बनने वाले होल्डिंग एरिया को जीआरपी थाने के सामने स्थित फुट ओवर ब्रिज के रैंप से जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म तक आने-जाने में आसानी होगी।
उल्लेखनीय है कि इस व्यवस्था से स्टेशन परिसर में भीड़ कम होगी और यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी। इस दौरान दौरान यह भी बताया गया कि भागलपुर से बांका और हंसडीहा के लिए विक्रमशिला एक्सप्रेस से कनेक्टिंग लोकल ट्रेन चलाने की योजना पर काम किया जा रहा है। यदि यह योजना लागू होती है तो इन क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। राइट्स टीम और रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन परिसर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर विकास कार्यों के संबंध में सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन के विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
