आसनसोल, 03 अप्रैल (हि. स.)। कुल्टी विधानसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर अजय पोद्दार ने शुक्रवार को कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के गंगोटिया इलाके में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

डॉ. अजय पोद्दार ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इलाके में प्रचार के दौरान स्थानीय निवासियों ने अपनी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां उनके सामने रखीं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. पोद्दार ने कहा कि जब वे क्षेत्र में जा रहे हैं तो अधिकांश लोग एक ही शिकायत कर रहे हैं कि आसनसोल म्युनिसिपल कॉरपोरेशन द्वारा उनके इलाके में विकास कार्यों की भारी कमी है। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल संकट को गंभीर समस्या बताया।
पोद्दार ने यह भी कहा कि क्षेत्र में तीन नदियां होने के बावजूद बीते 25 वर्षों से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने ममता बनर्जी और तृणमूल नेताओं के उस दावे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य विकास में नहीं बल्कि भ्रष्टाचार के मामले में आगे बढ़ा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो वे क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं—खासकर पानी और जल निकासी—की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास करेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
