खड़गपुर, 17 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद जिले की 15 सीटों में से 12 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। हालांकि जारी की गई सूची में हिरण्मय चट्टोपाध्याय का नाम शामिल नहीं है, जो फिलहाल खड़गपुर सदर से विधायक हैं।

खड़गपुर सीट से पार्टी ने एक बार फिर दिलीप घोष को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले 2016 के विधानसभा चुनाव में भी दिलीप घोष को इसी सीट से टिकट दिया गया था और उन्होंने जीत हासिल की थी। वहीं 2021 में जीती हुई सीट पर वर्तमान विधायक हिरण्मय चट्टोपाध्याय को टिकट न दिए जाने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के तुरंत बाद भाजपा ने जिले की 15 विधानसभा सीटों में से 12 सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। लेकिन इस सूची में खड़गपुर के मौजूदा विधायक हिरण्मय चट्टोपाध्याय का नाम नहीं होने से जिले की राजनीति में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार अभी तीन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है। ऐसे में राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि शेष सीटों में से किसी एक पर हिरण्मय चट्टोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। उम्मीदवारों की पहली सूची में नाम नहीं होने के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके टिकट को लेकर भरोसा कायम है।
मंगलवार सुबह सात बजे खड़गपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान हिरण्मय समर्थकों के एक समूह ने केंद्रीय नेतृत्व पर पूरा विश्वास जताया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगली सूची में हिरण्मय चट्टोपाध्याय को टिकट जरूर मिलेगा। समर्थकों का कहना है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें बिल्कुल अंतिम समय में खड़गपुर से उम्मीदवार बनाया गया था और उन्होंने मजबूत मुकाबला करते हुए जीत दर्ज की थी। इसी अनुभव के आधार पर कार्यकर्ताओं को इस बार भी उनके टिकट मिलने की पूरी उम्मीद है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
