मंडी, 07 फ़रवरी (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित भारत रंग महोत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) नई दिल्ली द्वारा किया जाता है। अपने पच्चीसवें (रजत जयंती) वर्ष में यह महोत्सव देश के लगभग चालीस शहरों में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में भारत रंग महोत्सव – मंडी, हिमाचल प्रदेश चैप्टर के अंतर्गत मंडी में दो दिवसीय नाट्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

सतोहल नाट्य अकादमी की संचालिका सीमा शर्मा ने बताया कि इस समारोह की पहली नाट्य प्रस्तुति 9 फ़रवरी, संध्या 6 बजे, शकुंतलम थिएटर, गाँव सतोहल, ज़िला मंडी में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर विख्यात रंगकर्मी एवं साहित्यकार नंदिकिशोर आचार्य की लंबी कविता “पांचाली” का नाट्य रूपांतरण मंचित किया जाएगा। इस नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन एवं परिकल्पना प्रोफेसर सुरेश शर्मा, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित रंगकर्मी, द्वारा की गई है।

समारोह की दूसरी संध्या 10 फ़रवरी , संध्या 6 बजे, इसी मंच पर प्रसिद्ध लेखिका एवं उपन्यासकार कृष्णा सोबती के चर्चित उपन्यास पर आधारित नाटक “ऐ लड़की” का मंचन किया जाएगा। इस नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन सीमा शर्मा द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान के संस्थापक प्रोफेसर सुरेश शर्मा ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली के निदेशक चितरंजन त्रिपाठी का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय रंगमंचीय आयोजन हिमाचल प्रदेश में आयोजित होना प्रदेश के सांस्कृतिक परिदृश्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उल्लेखनीय है कि इस नाट्य समारोह की सभी प्रस्तुतियाँ निःशुल्क हैं तथा रंगमंच प्रेमी एवं आम दर्शक बड़ी संख्या में इन प्रस्तुतियों का आनंद ले सकते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
