मंडी, 07 फ़रवरी (हि.स.)। मंडी जिले के जोगिंदर नगर तहसील के गांव झमेहड़ निवासी डीआईजी अरुण कुमार भारद्वाज को भारतीय तटरक्षक सेना में उत्कृष्ट व सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति अवार्ड – तट रक्षक पदक मेरिटोरियस सेवा से सम्मानित किया गया। डीआईजी अरुण कुमार भारद्वाज के पिता स्वर्गीय कैप्टन सोहन लाल भारद्वाज ग्राम पंचायत धार के पांच बार प्रधान रह चुके हैं व उनकी माताजी ग्रहणी है । उनके बड़े भाई ललित भारद्वाज आरएसएस के स्वयं सेवक है जबकि छोटा भाई विजय भारद्वाज एडवोकेट हैं ।

डीआईजी अरुण कुमार भारद्वाज की इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व लोक निर्माण मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह, जोगिंदर नगर के समाजसेवी व पूर्व विधायक पद के प्रत्याशी वरिष्ट अधिवक्ता जीवन ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज जामवाल आदि ने हिमाचल प्रदेश के सपूत डीआईजी अरुण भारद्वाज व उनके परिवार को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी और कहा कि हमेशा की तरह हिमाचल प्रदेश के सैनिक प्रदेश का नाम रोशन करते आए हैं और आगे भी देश प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे । डीआईजी अरुण भारद्वाज जैसे सेना के उच्चाधिकारी प्रदेश व देश के युवाओँ के लिए प्रेरणास्रोत हैं ।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
