भोपाल, 29 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। ईदगाह हिल्स स्थित पीएनबी कॉलोनी में 10 महीने की एक मासूम बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा बुधवार रात उस वक्त हुआ, जब बच्ची खेलते-खेलते बाथरूम तक पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, करण सिंह जाटव अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ पीएनबी कॉलोनी ईदगाह हिल्स में फ्लैट में रहते हैं। बुधवार रात करीब 10:30 बजे उनकी 10 महीने की बेटी प्रनिसा खेलते हुए बाथरूम में चली गई। वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में वह मुंह के बल गिर पड़ी। उस समय बच्ची की मां किचन में खाना बना रही थीं। करीब 10 मिनट बाद जब बच्ची नजर नहीं आई, तो मां ने उसे ढूंढना शुरू किया। बाथरूम में बच्ची को बाल्टी में डूबा देख वह सन्न रह गईं। बच्ची का चेहरा नीला पड़ चुका था। घबराई मां ने तुरंत पति को सूचना दी और बच्ची को लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही शाहजहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। गुरुवार दाेपहर काे पाेस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
