
भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में स्मार्ट सिटी रोड पर हवाला के 55 लाख रुपए लूटने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने रविवार काे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से करीब 35 लाख रुपए नकद, दो मोटरसाइकिल, एक एक्सेस स्कूटी, एक ऑटो और 9 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शेष रकम और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरी साजिश एक अकाउंटेंट ने रची थी, जो ऑनलाइन सट्टे के कारण कर्ज में डूब गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हवाला के पैसों को निशाना बनाते हुए लूट की योजना बनाई।
घटना 7 मार्च की रात करीब 9:30 बजे शामला हिल्स थाना क्षेत्र के स्मार्ट सिटी रोड की है। यहां दो बदमाशों ने वाहन रोककर चाकू की नोक पर बैग छीन लिया था। बैग में करीब 55 लाख 50 हजार रुपए नकद थे, जो हवाला के जरिए ले जाए जा रहे थे।
इस मामले में चूनाभट्टी निवासी दिव्यांग बरोट ने 8 मार्च को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
3-4 दिन पहले बनाई थी योजना
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक आरोपियों ने घटना से तीन-चार दिन पहले लूट की योजना बनाई थी। इसके बाद पूरे रूट की रेकी की गई और मौके का चयन कर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। घटना की रात आरोपियों ने हवाला की रकम लेकर जा रहे लोगों का पीछा किया। पॉलिटेक्निक चौराहे से उनका पीछा करते हुए स्मार्ट सिटी रोड स्थित आंचलिक विज्ञान केंद्र के पास वाहन अड़ाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर बैग में रखे करीब 55 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।
10 पुलिस टीमों ने किया खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी के मार्गदर्शन में डीसीपी क्राइम अखिल पटेल और डीसीपी जोन-3 मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में 10 टीमों का गठन किया गया। लगातार जांच और पतारसी के बाद पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में हैदर उर रहमान, फाजिल उर्फ भूरा, अलफेज अली, मुज्जमिल, शान उर्फ डिसेंट, सोहेल उर्फ गुड्डा, अनवर शेख, अब्दुल नवेद, शानू उर्फ साजिल अहमद, सलमान समद, गौरव चेतवानी और फैसल खान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ ने सीधे वारदात को अंजाम दिया, जबकि अन्य ने योजना बनाने और रकम ठिकाने लगाने में भूमिका निभाई।
35 लाख कैश और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 35 लाख रुपए नकद, दो मोटरसाइकिल, एक एक्सेस स्कूटी, एक सवारी ऑटो और 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बाकी रकम और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सट्टे के कर्ज ने बनवाई लूट की साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी गौरव चेतवानी अकाउंटेंट का काम करता है और ऑनलाइन सट्टा खेलने का आदी है। सट्टे में उसे करीब 4-5 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। उसे यह भी जानकारी थी कि शहर में हवाला के पैसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाए जाते हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची।
पहले रैकी, फिर वारदात
आरोपियों ने घटना से एक दिन पहले पूरे रूट की रेकी की थी। 7 मार्च को पॉलिटेक्निक चौराहे के पास सभी आरोपी इकट्ठा हुए और जैसे ही हवाला की रकम लेकर जा रहे लोग स्मार्ट सिटी रोड की ओर बढ़े, आरोपियों ने वाहन अड़ाकर चाकू दिखाया और बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार इस मामले में फरदीन, जावेद और आसिम सहित कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
