पुंछ, 14 मार्च (हि.स.)। पुंछ जिले की तहसील मंडी के तहसीलदार अशफाक अहमद ने एसएचओ निक्कू राम के साथ मंडी क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया ताकि ईंधन की उपलब्धता का जायजा लिया जा सके और आम जनता के लिए आपूर्ति सुचारू बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की स्थिति की जांच की तथा पंप संचालकों से ईंधन आपूर्ति को लेकर बातचीत की। इस दौरान रिकॉर्ड भी चेक किए गए और यह सुनिश्चित किया गया कि जनता की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।
इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने लोगों और वाहन चालकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं क्योंकि ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि वितरण में पारदर्शिता बनाए रखें और उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के ईंधन उपलब्ध कराया जाए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA
