
सारण, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के मढ़ौरा बाजार में बीती रात मामूली विवाद ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। मढ़ौरा थाना क्षेत्र स्थित एक श्रृंगार स्टोर में सेंट खरीदने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक सेल्समैन की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। घटना मढ़ौरा बाजार स्थित के गुड़िया श्रृंगार स्टोर की है। त्योहार के मद्देनजर दुकान देर रात तक खुली थी जहां एक युवक सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 8:30 बजे गांव के ही 4-5 युवक दुकान पर पहुंचे। सेंट पसंद करने और उसकी कीमत को लेकर युवकों और सेल्समैन के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने दुकान में हंगामा करना शुरू कर दिया। जब सेल्समैन ने उन्हें समझाने और शांत कराने की कोशिश की, तो एक युवक ने अचानक चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहूलुहान सेल्समैन को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। हालांकि, छपरा ले जाने के रास्ते में ही सलीम नामक सेल्समैन ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की संवेदनशीलता और दो अलग-अलग समुदायों से जुड़े होने के कारण वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मढ़ौरा-1 ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ जारी है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।
पुलिस के अनुसार लिखित आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
