
इंफाल, 14 मार्च (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चलाते हुए मादक पदार्थ के साथ तस्करी के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय से आज जारी सूचना के अनुसार मणिपुर पुलिस ने सेकमाई पुलिस स्टेशन गेट नाका चेक पॉइंट से नशीले पदार्थों के साथ तस्करी के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान नगालैंड के डिमापुर निवासी अब्दुल कलाम आज़ाद (32) के रूप में की गयी है। आरोपित के पास से लगभग 261 ग्राम हेरोइन पाउडर, एक चारपहिया वाहन शेवरले क्रूज़ (एनएल-07सी-0870) बरामदत किया गया है।
वहीं एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने गुरुवार को इंफाल पूर्वी जिले के एंड्रो थानांतर्गत तहत याइरिपोक याम्बेम इलाके से मादक पदार्थ तस्करी के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान मो. नजीमुद्दीन (31) और मो. जाबिर (27) के रूप में की गयी है। इनके पास से लगभग 1.04 किलोग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड के साथ और एक दोपहिया वाहन होंडा डियो स्कूटर (एमएन-06-एसएक्स-5443) से बरामद किया गया है। पुलिस दोनों ही मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
