मथुरा, 14 मार्च(हि.स.)। उ०प्र०पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, नकल विहीन, निष्पक्षता एवं सुचितापूर्वक सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश प्रक्रिया का जायजा लिया। केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि बायोमेट्रिक सत्यापन कड़ाई से किया जाए। उक्त परीक्षा 14 एवं 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से मध्यान 12 बजे तक तथा द्वितीय सत्र अपरान्ह 3 बजे से सायं 5 बजे तक हुई। उक्त परीक्षा जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों में 6000 परीक्षार्थियों में से पहली पाली में 4509 ने परीक्षा दी जबकि 1491 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, इसके अलावा दूसरी पाली में 4609 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 1391 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
