मथुरा, 12 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के थाना रिफाइनरी पुलिस और एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट आगरा ने एक संयुक्त कार्रवाई में रविवार काे एक महिला समेत तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में 30 लाख की ड्रग्स अवैध नशीला पदार्थ एमडीएमए , एक लग्जरी कार और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

रविवार काे अपर पुलिस अधीक्षक शहर ने बताया रिफाइनरी पुलिस और एएनटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध नशीले पदार्थों की खेप ले जाई जा रही है। पुलिस टीम ने दिल्ली आगरा मार्ग पर एक टोयोटा ग्लैंजा कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें सवार दो पुरुषों और एक महिला को हिरासत में लिया गया। आरोपिताें के पास से 154 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये है।
पुलिस ने टोयोटा ग्लैंजा कार संख्या यूपी 80 एफसी 0777 और 15920 रुपए की नगदी, तीन मोबाइल फोन व अन्य पहचान पत्र, बैंक कार्ड आदि बरामद किये हैं। पकड़े गये आरोपिताें में विजय सिंह पुत्र जनवेद सिंह निवासी रसुतपुर, फतेहाबाद आगरा और आशीष सिंह पुत्र अटल सिंह निवासी बिजुलपुरा व एक महिला शामिल है। बरामद फर्जी पुलिस आईडी के मामले में भी जांच की जा रही है कि इसका उपयोग आरोपित कहां और किस लिए करते थे। पुलिस अब इन तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक थाना प्रभारी जयबिंद कुमार गुप्ता, एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट आगरा निरीक्षक हरवेन्द्र मिश्रा, थाना रिफाइनरी के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विक्रांत तोमर, महिला उपनिरीक्षक मोनालिसा आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
