

– बजट पूर्व की गई है विषय विशेषज्ञों और अनुभवी लोगों से चर्चा, इस बार का बजट अच्छा और जन हितैषी आएगा

इंदौर, 07 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रदेश का बजट आगामी 18 फरवरी को प्रस्तुत किया जाएगा। बजट के पूर्व आम जनता के सुझाव लिये गये। साथ ही बजट के संबंध में विषय विशेषज्ञों और अनुभवी लोगों से चर्चा की गई। इस बार का बजट अच्छा और जन हितैषी आयेगा।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा शनिवार को इंदौर के नायता मुण्डला स्थित ऑल इंडिया दाल मिल एसोसियेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ग्रीन एक्स प्रदर्शनी के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर ऑल इंडिया दाल मिल एसोसियेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, सुमित मिश्र सहित अनिल गुप्ता, सौरव राठी, उत्तम कटारिया विशेष रूप से उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने दाल मिल एसोसियेशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ग्रीन एक्स प्रदर्शनी की सराहना करते हुये कहा कि यह एक अच्छा और बेहतर आयोजन है। इस आयोजन से दाल मिल मालिकों और व्यापारियों को एक नई दिशा मिलेगी। प्रदर्शनी में ताईवान,कनाड़ा, इग्लैण्ड आदि देशों की आधुनिकतम मशीनों को प्रदर्शित किया गया, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में दलहन पर लगने वाले अधिकतम जीएसटी और मंडी शुल्क संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिये केन्द्रीय जीएसटी कौंसिल के समक्ष रखा जायेगा। साथ ही इस विषय पर प्रदेश के सभी दलहन उद्योगपतियों और व्यापारियों के साथ चर्चा की जायेगी।
उप मुख्यमंत्री ने ऑल इंडिया दाल मिल एसोसियेशन द्वारा आयोजित ग्रीन एक्स प्रदर्शनी का अवलोकन कियाउप मुख्यमंत्री देवड़ा ने दाल मिल एसोसियेशन के पदाधिकरियों से कहा कि वे अपनी माँगों को लिखित में दें। इस मौके पर देवड़ा ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मशीनों के बारे में उद्योगपतियों से जानकारी प्राप्त की। साथ ही एसोसियेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों से संवाद किया।
कार्यक्रम को पूर्व महापौर मोघे ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में दाल मिल एसोसियेशन के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय स्तर का है,जहाँ इंग्लैण्ड, चीन, कनाड़ा, ताईवान, टर्की, स्पेन आदि देशों की अत्याधुनिक और टेक्नालॉजी से लेस मशीनें प्रदर्शित की गयी है,जिनकी कीमत दो लाख रुपये से लेकर चार करोड़ रुपये तक है। इस आयोजन में मध्यप्रदेश सहित सभी राज्यों के दाल मिल मालिकों और व्यापारीगण शामिल हुये।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में दर्शन कियेउप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शनिवार को इंदौर प्रवास के दौरान नायता मुंडला स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में गये और वहाँ उन्होंने भगवान स्वामीनारायण के दर्शन और पूजन किया। साथ ही उन्होंने आरती में भाग भी लिया। मंदिर समिति की ओर से उप मुख्यमंत्री देवड़ा को भगवान स्वामीनारायण का साहित्य भेंट किया। मंत्री देवड़ा ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया और समिति सदस्यों का परिचय प्राप्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
