चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

हरिद्वार, 11 मार्च (हि.स.)। हरिद्वार हिल बाईपास रोड एवं मां मनसा देवी मंदिर पैदल मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई विभाग के किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोनिवि को निर्देश दिए कि उनके द्वारा जो भी निर्माण कार्य किया जा रहा है, उन कार्यों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के साथ गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्लाइडिंग जोन का जायजा लिया और वहां सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बांस के पौधे और घास लगाने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने और मार्ग पर पड़े मलबे को हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनसा देवी पैदल मार्ग पर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए साथ ही मनसा देवी प्रवेश द्वार पर दोपहिया वाहनों को न खड़ा होने दिया जाए। जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा न होने पाए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दीपक वर्मा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता तथा राजा जी नेशनल पार्क के वार्डन अजय लिंगवाल,अपर सहायक अभियंता लोनिवि सुनील कुमार, प्रवेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
