बैतूल, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इटारसी रोड पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घोयल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, बैतूल के गंज और रामनगर में रहने वाले पांच दोस्त सोमवार की रात किसी ढाबे से भोजन करने के बाद कार क्रमांक एमपी04, वायपी-3795 से वापस लौट रहे थे। रात करीब 3 बजे इटारसी रोड पर बसंत पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी क्रेन (एमएच18, बीसी-9763) से कार की सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक भीतर फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार के शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान गर्ग कॉलोनी निवासी ऋतिक सोलंकी (30), रामनगर निवासी वरुण (विनय) प्रजापति (21) और रामनगर निवासी अभय ठाकुर (22) के रूप में हुई है। घायलों में गंज निवासी देवा पांडे (32) और रामनगर निवासी आकाश पाल (30) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे में मरने वाले युवकों की पहचान गर्ग कॉलोनी निवासी ऋतिक सोलंकी (30), रामनगर निवासी विनय प्रजापति (21) और अभय ठाकुर (22) के रूप में हुई है, जो युवक गंज निवासी देवा पांडे (32) तथा रामनगर निवासी आकाश पाल (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आकाश पाल की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले को जांच में लिया है।
हादसे में घायल देवा ने बताया कि हम खाना खाकर ढाबे से लौट रहे थे। कार की रफ्तार तेज थी। अचानक शायद कार के सामने कुछ आ गया तो ऋतिक ने हल्की सी कार घुमाई। उसने हैंड ब्रेक भी लगाया, लेकिन कार घूमकर सड़क के बाजू में जाकर टकरा गई। इसके बाद मैं बेहोश हो गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
