बाराबंकी, 10 फ़रवरी (हि.स.)। अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ प्रवीण कुमार और अयोध्या जिले के मंडलायुक राजेश कुमार ने मंगलवार को महादेव के फाल्गुनी मेले का निरीक्षण किया।

दोनों अधिकारियों ने लोधेश्वर महादेवा के चल रहे प्रसिद्ध फाल्गुनी महाशिवरात्रि संपूर्ण मेला परिक्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन के लिए मंदिर गर्भ ग्रह जाने वाली लगाई गई बैरिकेटिंग व होल्डअप की मजबूती को देखा। मंदिर परिसर में बने महल के जर्जर छज्जे के नीचे लगी जाल के ऊपर मजबूत जाल लगवाने को कहा। इस दौरान मंदिर आए श्रद्धालु से बातचीत कर पूछा कि किस जनपद से आए हो तो कांवरियों ने कहा कि तीन दिन व दो रात की पैदल यात्रा करके जालौन से दर्शन करने के लिए यहां आए हैं।

अधिकारियों ने मंदिर के निकासी द्वार पर नाली के किनारे बने गड्ढे को ठीक कराने, बैरीकेटिंग के ऊपर से गुजरी विद्युत लाइन के खुले तारों व केविल को दुरुस्त कराने को कहा। अभरन सरोवर पर बैरिकेडिंग प्रकाश व सुरक्षा व्यवस्था के समुचित इंतजाम कराने के निर्देश दिए। पानी की टंकी पर जाने वाली सीढ़ियों को बंद करने को कहा। दुकानदारों से अग्नि सुरक्षा के लिए पानी व बालू रखने को कहा।इस मौके पर भारी संख्या में अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
