जम्मू, 11 मार्च (हि.स.)। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नगरोटा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस मौके पर स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज में महिलाओं के योगदान व उपलब्धियों को रेखांकित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध अधिवक्ता सीमा शेखर खजूरिया रहीं। उनका स्वागत विद्यालय के प्राचार्य राम किशन दहिया ने किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा और समानता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक प्रगतिशील समाज के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उनके प्रेरणादायक विचारों ने उपस्थित सभी लोगों को महिलाओं के लिए अधिक अवसर और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रेरणादायक भाषण, कविता पाठ और मनोरंजक खेलों सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए जिससे पूरा माहौल उत्साह और प्रेरणा से भर गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
