प्रयागराज, 03 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित माण्डा थाना क्षेत्र के चकडीहा पंचायत भवन के पास 24 फरवरी को हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। एओजी, सर्विलांस टीम एवं माण्डा थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए नवाबगंज थाना क्षेत्र के कटरा कोड़हार गांव निवासी अंकित गौतम पुत्र फूलचंद्र को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से एक रिवॉल्वर, एक तमंचा, दो कारतूस तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपित के खिलाफ पूर्व से आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह 9 फरवरी को ही जेल से रिहा होकर बाहर आया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अंकित गौतम कुख्यात अपराधी छैलाबाबू पासी का सहयोगी है और उसी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि 24 फरवरी को हुई लूट की घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। बरामद शस्त्रों के संबंध में भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
