मालदा, 03 मार्च (हि. स.)। मादक पदार्थों के कारोबार की जड़ें उखाड़ने में मालदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मणिपुर से ब्राउन शुगर बनाने के कच्चे माल की आपूर्ति करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत बनर्जी ने मंगलवार को बताया कि इस मामले की जांच की शुरुआत कोलकाता से एक ड्रग तस्कर की गिरफ्तारी के बाद हुई थी। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर गोवा से चार अन्य आरोपितों को पकड़ा गया।

जांच में खुलासा हुआ कि इम्फाल हवाई अड्डे से विमान के जरिए ब्राउन शुगर बनाने का कच्चा माल कोलकाता भेजा जाता था। बैंक लेनदेन की जांच के बाद एक मार्च को इम्फाल पुलिस की मदद से मणिपुर से इस गिरोह के मुख्य आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया गया।
जांच में पड़ोसी देश म्यांमार से मादक पदार्थों के सामान आने की आशंका भी सामने आई है, जिससे मामले में अंतरराष्ट्रीय संबंध की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर मालदा लाकर मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने जांच के हित में उसे दस दिन की पुलिस हिरासत में लेने की मांग की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
