खाचरोद, 10 मार्च (हि.स.)। मध् यप्रदेश के खाचरोद शहर की लंगर कॉलोनी में बीते सप्ताह घर के आंगन में बनी पानी की होद में डूबने से हुई एक मासूम बालक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले में खाचरोद थाने में पदस्थ एएसआई प्रभुलाल डेलमिया को पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने लाइन अटैच कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

जानकारी के अनुसार 5 मार्च की शाम लंगर कॉलोनी में सात वर्षीय ध्रुव, पिता धर्मेंद्र, जाति बलाई की घर में बनी पानी की होद में डूबने से मौत हो गई थी। मृतक का परिवार मूल रूप से देवास जिले का निवासी है और हाल ही में देवास से खाचरोद आकर रहने लगा था। बताया गया कि बच्चा अपनी मां के साथ अकेला रहता था। महिला अपने पति से विवाद के बाद बेटे को लेकर खाचरोद आई थी।
मृतक बच्चे की मां को रहने के लिए किराए का कमरा एएसआई प्रभुलाल डेलमिया ने दिलवाया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एएसआई और महिला के बीच अवैध संबंध होने की बात कही जा रही है। बच्चे की मौत के बाद उसके पिता ने इस घटना को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी।
इस मामले की जांच एसडीओपी दीपांशा बचोटे द्वारा की जा रही है। एसडीओपी के अनुसार एएसआई और महिला के बीच संबंध होने की जानकारी सामने आने के बाद एहतियात के तौर पर एएसआई को लाइन अटैच किया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi
