धमतरी, 09 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी (मंगलवार) को राज्य की राजधानी रायपुर स्थित साइंस ग्राउंड में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस गरिमामय आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने जानकारी दी कि इस सामूहिक विवाह समारोह में धमतरी जिले के 132 जोड़े विवाह सूत्र में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सादगी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करने की दिशा में राज्य शासन की एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।

समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्य, जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे और नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद देंगे। आयोजन स्थल पर विवाह को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसमें पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप मंडप, विवाह विधि, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की कन्याओं के विवाह को सम्मानजनक, सरल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। इस योजना से जहां एक ओर परिवारों पर विवाह व्यय का बोझ कम होता है, वहीं दूसरी ओर समाज में समानता, सादगी और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का सकारात्मक संदेश भी जाता है।
धमतरी जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी चयनित जोड़ों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आवश्यक समन्वय एवं तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
