मेदिनीपुर, 27 जनवरी (हि. स.)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्ति को सम्मानित करने की पहल के तहत तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को मोहनपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। पश्चिम मेदिनीपुर संगठनात्मक जिले की महिला तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य मामोनी मांडी ने मोहनपुर ब्लॉक के सौटिया पंचायत अंतर्गत सौटिया गांव निवासी समीर कर महापात्र के आवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री द्वारा भेजा गया शुभेच्छा संदेश उन्हें सौंपा।

समीर कर महापात्र एक सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक विद्यालय के सह-शिक्षक हैं। वर्तमान में वे एक नर्सरी स्कूल का संचालन भी कर रहे हैं। वे प्रसिद्ध वैज्ञानिक सूर्येंदु विकाश कर महापात्र के परिवार के सदस्य हैं। सामाजिक क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक योगदान और सेवा भावना को मान्यता देते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें शुभकामना संदेश भेजा है।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मामनी मंडी ने राज्य सरकार के 15 वर्षों की विकासात्मक उपलब्धियों का खाका भी समीर कर महापात्र को सौंपा। कार्यक्रम में मोहनपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष मानिक माइती, ब्लॉक महिला तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष रूना पात्र, पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष सुनील नायक, क्षेत्र अध्यक्ष अभिजीत दे सहित अन्य तृणमूल कार्यकर्ता मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर सामाजिक सेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे व्यक्तियों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
