देहरादून, 08 मार्च (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटियों को शनिवार काे फोन पर वार्ता कर बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने किच्छा की शांभवी तिवारी द्वारा 46 वीं रैंक और टिहरी की मीनल नेगी द्वारा 66 वीं रैंक प्राप्त करने को प्रदेश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश की बेटियां अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखण्ड का मान बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों प्रतिभाशाली बेटियां अपनी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण से देश सेवा के पथ पर आगे बढ़ते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी और समाज के लिए प्रेरणा बनेंगी।
इसके पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा में 69 वीं रैंक प्राप्त करने वाले चंपावत निवासी अनुज पंत को फोन पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनुज पंत प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
