
जयपुर, 02 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को भांकरोटा स्थित संगम पैराडाइज में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ फूलों की होली खेली और सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली का संदेश दिया। उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं, बच्चों और युवाओं से आत्मीय मुलाकात करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने रसिया गीतों एवं नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने कलाकारों पर फूल बरसाएं और नंगाड़ा बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में हर त्योहार का विशेष महत्व है। होली का पर्व उल्लास और उमंग का उत्सव है, जो हम सभी के जीवन में नए रंग घोलता है। यह त्योहार हम सभी को एक-दूसरे के साथ मिलकर आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की।

उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 28 फरवरी को अजमेर से राजस्थान को बड़ी सौगाते दी। प्रधानमंत्री ने अजमेर से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरूआत भी की। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार जताया।
शर्मा ने कहा कि हमने विधानसभा में 2 साल बनाम 5 साल का प्रतिवेदन रखा। लेकिन कांग्रेस के लोग बिना बहस किए ही मैदान छोड़कर भाग गए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्त्ता ही हमारी ताकत है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए युवा, किसान, महिला, मजदूर के सशक्तीकरण के लिए कार्य कर ही है। हमारी सरकार ने युवाओं को अब तक सवा लाख सरकारी नौकरियों में नियुक्ति पत्र दे दिए है तथा 1 लाख 35 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन है। हमने, वर्ष 2026 के लिए 1 लाख पदों पर भर्तियों का कलैण्डर निर्धारित किया था और अब हमने बजट में 25 हजार और पदों के लिए कलैण्डर जारी किए जाने की घोषणा की है। इस वर्ष के लिए 1 लाख 25 हजार पदों पर भर्तियों का कलैण्डर जारी होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वें मन लगाकर पढ़े और मेहनत करें। सरकार पूरी तरह से युवाओं के साथ है। उन्होंने सभी से केन्द्र व राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांगानेर विधानसभा के सभी मंडल के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम से लौटते समय मुख्यमंत्री ने भांकरोटा में चाय की दुकान पर रूक कर चाय पी और वहां उपस्थित लोगों से मुलाकात की।
इससे पहले मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में अखिल भारतीय सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, भारतीय वन सेवा सहित विभिन्न सेवाओं के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
