नई दिल्ली, 14 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा के सहीपुर गांव चौपाल में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह आरोग्य मंदिर क्षेत्र के नागरिकों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। यहां निशुल्क डॉक्टर परामर्श, आवश्यक जांच, दवाइयां, टीकाकरण और प्राथमिक उपचार, जैसी सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में शुरू किए गए 371 आयुष्मान आरोग्य मंदिर इस संकल्प को मजबूत कर रहे हैं कि स्वास्थ्य सेवाएं हर नागरिक तक सम्मान के साथ और उनके घर के पास पहुंचें।
उल्लेखनीय है कि, इस आरोग्य मंदिरों पर मरीजों को मुफ्त डॉक्टर कंसल्टेशन (ओपीडी) और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। केंद्रों पर ही ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, बीपी जांच जैसी बुनियादी 14 तरह की जांचें और 79+ प्रकार की आउटसोर्स जांच की व्यवस्था है। मधुमेह, उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), और कैंसर (मुंह, स्तन, गर्भाशय ग्रीवा) की शुरुआती जांच। गर्भवती महिलाओं की देखभाल, नवजात शिशु की देखभाल और टीकाकरण सेवाएं। जरूरत पड़ने पर ई-संजीवनी के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह दी जाती है। स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए योग कक्षाएं और जीवनशैली परामर्श दिए जाते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
