नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के बवाना इलाके में हुए कारोबारी वैभव गांधी हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपितों को पुलिस के एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। शाहबाद डेयरी इलाके में पुलिस टीम को देखते ही आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में दोनों आरोपित घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 9 फरवरी को सुबह करीब 11:45 बजे बवाना के डीएसआईआईडीसी सेक्टर-4 में फैक्ट्री नंबर J-133 और J-21 के सामने फायरिंग की घटना हुई थी। इसमें कारोबारी वैभव गांधी को गोली मार दी गई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में बवाना थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक 9 एवं 10 मार्च की दरम्यानी रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी इलाके से गुजरने वाले हैं। इसके बाद एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम ने शाहबाद डेयरी इलाके में जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, उन्होंने पुलिस टीम पर करीब छह राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी पांच राउंड फायर किए, जिसमें दोनों आरोपित घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चांद बागनिवासी मोहम्मद इरफान(40) और गाजियाबाद निवासी ऐश्वर्य पांडे (37) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मोहम्मद इरफान पर हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी और स्नैचिंग समेत करीब 40 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें 32 दिल्ली और 8 उत्तर प्रदेश के हैं। वहीं ऐश्वर्य पांडे पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, छह खाली कारतूस, दो हेलमेट और समयपुर बादली इलाके से चोरी की गई एक बाइक भी बरामद की है। मुठभेड़ के बाद दोनों घायलों को रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में इससे पहले भी पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें अरुण उर्फ पागल, संदीप उर्फ पुजारी, संजय उर्फ ताऊ उर्फ अजय, रविंदर उर्फ रवि और हरीश कुमार उर्फ सोनू शामिल हैं। आरोपितों के पूरे नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच जारी है।
———-
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
