मुरादाबाद, 02 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद में सोमवार रात्रि में जनपद 1529 स्थानों पर होलिका दहन विधि विधान से सम्पंन हुआ। प्रमुख लोगों और ब्राह्मणों द्वारा होलिका का दहन किया। होलिका दहन के साथ ही अबीर गुलाल की बौछार होने लगी। आसमान पूरी तरह रंगीन हो गया। लोगों ने होली पर गन्ने और गेहूं की बालियां भूनीं और एक दूसरे के गुलाल लगाया। इस दौरान कई स्थानों पर माइक से होली के गीत गूंजते रहे। ढोल बजते रहे और युवा झूमते नजर आए। बाद लोग होली की आग घर लाए और घर की होली भी प्रज्ज्वलित की। यहां भी गन्ने आदि भूने गए। इसके साथ ही होली का उल्लास आरंभ हो गया।

रमजान माह के बीच होली का पर्व सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने मुरादाबाद में चौकसी बढ़ा रखी है। सोमवार रात्रि में जनपद 1529 स्थानों पर होलिका दहन विधि विधान से सम्पंन हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर थानों की पुलिस के साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल, आरटीसी के प्रशिक्षु सिपाही और एक कंपनी पीएसी जवानों की तैनात की गई है। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह से त्योहार ड्यूटी के लिए पुलिसकर्मी तैनात है और अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहे है। एसएसपी के आदेश पर दहन स्थल पर कम से कम एक सिपाही, होमगार्ड या पीआरडी जवान की तैनाती है।

रात्रि 11 बजे से जनपद में होलिका दहन प्रारंभ हो गया है। महानगर के कांशीराम नगर वैदिक रीति और पर्यावरण संरक्षण के लिए औषधीय पदार्थों की सामग्री बनाकर वेद मंत्रों के साथ आहुतियां देकर होलिका का दहन किया। बुद्धि विहार, रामगंगा विहार, आशियाना नवीन नगर, अंबेडकर पार्क पीएसी रोड, मोरा की मिलक, पंचशील अपार्टमेंट हिमगिरि कालोनी वेव ग्रीन आदि क्षेत्रों में गाय के गोबर की लकड़ियों की होलिका का दहन किया। हर तरफ होली का उल्लास छा गया। देर रात तक यही होली का हुड़दंग होता रहा। जबकि लाइनपार, दस सराय, जयंती पुर और सीतापुरी तथा पीतल नगरी में होलिका का दहन और भी देर से यानि देर रात 2 और 3 बजे किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
