जूनागढ़, 22 फरवरी (हि.स.)। गुजरात के जूनागढ़ में मृगी कुंड में स्नान को लेकर विवाद में फंसी गुजरात की विवादित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कीर्ति पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। कीर्ति पटेल के खिलाफ जूनागढ़ में तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं, जिनमें धमकी, आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, कीर्ति पटेल की गिरफ्तारी के संबंध में विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।कीर्ति पटेल सोशल मीडिया पर लगातार विवादों में घिरी रहती हैं। आरोप है कि इस बार जूनागढ़ में आयोजित शिवरात्रि मेले में संतों के स्नान के दौरान उसने परंपरा तोड़ते हुए मृगीकुंड में स्नान किया। इस घटना को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।जूनागढ़ के एक यूट्यूबर अबजल सीडा ने इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर लाइव किया था। बताया जाता है कि इस लाइव के बाद कीर्ति पटेल के फॉलोअर्स कम होने लगे, जिससे नाराज होकर कीर्ति और उसके साथियों ने अबजल को निशाना बनाया। आरोप है कि उससे 20 लाख रुपये की मांग की और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। इससे डरकर उसने आत्महत्या की कोशिश की। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है। पीड़ित अबजल सीडा ने बताया कि उसे जशपाल सिंह नाम के व्यक्ति का फोन आया था, जिसने उसे घर पर ही रहने को कहा और वीडियो बनाने पर सवाल उठाया। अबजल के अनुसार जशपालसिंह उसके साथी अनु, विक्रम, कीर्ति पटेल और दिव्या सावलानी ने वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया और उसे डराया-धमकाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जूनागढ़ के उद्योगनगर पुलिस स्टेशन में कीर्ति पटेल सहित उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

—————

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
