औरैया, 07 फरवरी (हि.स.)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का शनिवार को

आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 106 उद्यमियों को लगभग 1181 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। यह आयोजन अग्रणी जिला प्रबंधक के नेतृत्व में नुमाइश मैदान के सामने, पुरानी लकड़ी मंडी में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में उद्यमियों एवं आमजन ने सहभागिता की।
कैंप के दौरान प्रतिभागियों को एमएसएमई ऋण से संबंधित विभिन्न योजनाओं, पात्रता मानदंड, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय एवं उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र दुर्गेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रणी जिला प्रबंधक राजीव सिंह ने किया। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख बैंकिंग योजनाओं एवं उद्यमियों को मिलने वाली वित्तीय सहायता की जानकारी साझा की।
जिला विकास अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आउटरीच कैंप सभी बैंकों द्वारा आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे उद्यमियों को ऋण संबंधी जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके। उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र श्री दुर्गेश कुमार ने सीएम युवा, ओडीओपी एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी देते हुए उद्यमियों की शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में 106 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। लाभार्थी धर्मेन्द्र, निवासी एयरवाकर्ता, ने बताया कि एमएसएमई ऋण से उनकी क्रेडिट सीमा 7.80 लाख रुपये से बढ़कर 15 लाख रुपये हो गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
