मेदिनीपुर, 09 फरवरी (हि.स.)।पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियारी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ बार-बार दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है। इस जघन्य अपराध के कारण नाबालिग के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है, जिससे पूरे इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ महीनों से पड़ोस के ही दो युवक उसके साथ निरंतर दुष्कर्म कर रहे थे। घटना का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी परिवार को मिली। इसके बाद रविवार शाम को केशियारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने रविवार रात को ही एक मुख्य आरोपित को धर दबोचा।

पुलिस ने गिरफ्तार युवक को रिमांड पर लेने के उद्देश्य से सोमवार को खड़गपुर अनुमंडल न्यायालय में पेश किया है। प्रशासन का कहना है कि दूसरे फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द ही कानून की गिरफ्त में ले लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
