फर्रुखाबाद,31 जनवरी( हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में गंगातट पांचाल घाट पर लगे मेला रामनगरिया के सांस्कृतिक पंडाल में अंजली चौहान ने नृत्यकला ने शनिवार काे उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। समवेत संस्था की सदस्य अंजली चौहान मूलतः जनपद की ही रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी टीम के साथ नृत्य, भाव-भंगिमा और मंचीय अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रस्तुत किया।

अंजली चौहान बॉलीवुड फिल्म ग़दर-2 सहित कई मंचों पर अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं और वर्तमान में जनपद के बच्चों को नृत्यकला का प्रशिक्षण देकर स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का कार्य भी कर रही हैं। उनके द्वारा राम स्वयंवर मंचन कार्यक्रम के मध्य राम स्वयंवर का अत्यंत मनोहारी मंचन किया गया, जिसमें नृत्यकला और नाट्य का अद्वितीय संगम देखने को मिला। इसके अलावा नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने वातावरण को और अधिक आनंदमय बना दिया, जिन्हें देखकर दर्शकों के चेहरे खिल उठे।
मुख्य अतिथि मेला सचिव एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, वरिष्ठ इतिहासकार भूपेंद्र प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संचालन कार्यक्रम का संचालन वैभव सोमवंशी ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सधे हुए और प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया। यह सांस्कृतिक संध्या मेला श्री रामनगरिया को आस्था के साथ-साथ कला और संस्कृति का भी सशक्त केंद्र सिद्ध करती नजर आई। इस मौके पर दर्शकों से खचाखच पंडाल भरा रहा।
————
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar
