भुवनेश्वर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। ओडिशा बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने घोषणा की है कि दसवीं कक्षा के परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक पूरा किया जाएगा।

मूल्यांकन प्रक्रिया 30 जिलों में 50 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 47 केंद्र मैट्रिक उत्तर पुस्तिकाओं, दो केंद्र स्टेट ओपन स्कूल सर्टिफिकेट और एक केंद्र संस्कृत मध्यमा के लिए निर्धारित हैं।

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने उत्तर पुस्तिकाओं को नोडल केंद्रों से मूल्यांकन केंद्रों तक पहुँचाने के लिए गुप्त टीमों को नियुक्त किया है। पूरी प्रक्रिया को सख्त गोपनीयता के साथ आयोजित किया जा रहा है ताकि निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। बोर्ड के निर्देशानुसार, मूल्यांकन में शामिल परीक्षक और शिक्षक 18 मार्च से अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित होंगे। प्रत्येक शिक्षक प्रतिदिन 25–30 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे। इस प्रक्रिया के लिए कुल 12,000 से अधिक शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर चार डाटा एंट्री ऑपरेटर नियुक्त किए जाएं। इसके अतिरिक्त प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक मुख्य परीक्षक, दो उपमुख्य परीक्षक और दो स्क्रूटिनाइज़र नियुक्त किए गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
