कानपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती 21 जनवरी को इलेक्ट्रॉनिक दुकान से मोबाइल चोरी कर दूसरे दुकानदार को बेचने वाले नाबालिग समेत दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 15 चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं। गिरफ्तार शातिर चोर पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बुधवार काे बताया कि बर्रा-2 निवासी पीड़ित रिपु दमन सिंह भदौरिया ने 21 जनवरी को बर्रा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि कर्रही रोड पर उनकी हरिओम इंटरप्राइजेज नाम से मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। 21 जनवरी की देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसकर अलग-अलग कंपनियों के 16 मोबाइल चोरी कर लिए थे। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अकेले ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और चोरी किए गए मोबाइलों को दबौली इलाके के दुकानदार जसवंत कुमार गौतम को मात्र 6,000 रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चोरी के 15 मोबाइल और चोरी में प्रयुक्त औजार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए बाल अपचारी पर पूर्व में चोरी के पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह बीती 11 दिसंबर को चोरी के एक मामले में एक साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था। आरोपित की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले दुकानदार को भी गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
