चंडीगढ़, 12 मार्च (हि.स.)। भारतीय सेना का एक ड्रोन गुरुवार की शाम पंचकूला के निकट स्थित मोरनी के जंगलों में गिर गया। इससे आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार सेना की भूड फायरिंग रेंज से आज शाम एक ड्रोन को नियमित अभ्यास के लिए उड़ाया गया। इसी दौरान यह ड्रोन कंट्रोल रूम के नियंत्रण से बाहर हो गया। कुछ समय बाद ड्रोन मोरनी खंड की वालदवाला पंचायत के गांव सुखा बास में ड्रोन गिर गया। ग्रामीणों ने ड्रोन गिरने की सूचना सरपंच को दी। सरपंच द्वारा सूचित करने पर मोरनी व पंचकूला पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान सेना की तरफ से भी पुलिस को ड्रोन गिरने की घटना के बारे में सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद सेना की टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन के सभी टुकड़ों को बरामद करके कब्जे ले लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ड्रोन में उड़ान भरने के साथ ही तकनीकी खराबी आ गई जिससे उसका कंट्रोल टूट गया। मोरनी पुलिस चौकी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि सूचना मिलने पर वे स्थिति देखने के लिए सूखा बास गांव में पहुंचे जहां ग्रामीणों ने बताया कि आर्मी के जवान और अधिकारी डेमेज ड्रोन को लेकर गए हैं। अभी स्थिति सामान्य है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
