नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस के थाना भजनपुरा क्षेत्र में मंगलवार तड़के हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने एक मकान के बाहर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार मंगलवार तड़के थाना भजनपुरा को फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता मौजपुर निवासी मोहम्मद अब्दुल कादिर (39) ने बताया कि दो-तीन अज्ञात व्यक्ति उसके घर के सामने आए और हवा में गोलियां चलाकर फरार हो गए।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(6)/3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
