–मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चलाया चेकिंग अभियान

हमीरपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में लखनऊ में चाइनीज मांझा से हुई शोएब की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए मांझा से होने वाली मौत को हत्या मानते हुए सख्त कार्यवाही करने की बात कही है। जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने हरकत में आकर शुक्रवार को दो मांझा बेचने वालों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में मांझा जब्त किया है।

मौदहा कोतवाली पुलिस ने कस्बे के देवी चौराहा के निकट से कजियाना निवासी अमित कुमार पुत्र विनोद कुमार और उपरौस से रुकमुददीन पुत्र छिद्दू निवासी उपरौस को चाइनीज मांझा बेचने के आरोप में मांझा सहित गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से भारी मात्रा में मौत का चाईनीज मांझा जब्त किया गया है। बताते चलें कि बीते दो दिन पहले लखनऊ में शोएब नामक युवक की चाईनीज मांझा में फंसकर गर्दन कटने से मौत हो गई थी। जिसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा था कि मांझा से होने वाली मौत को हत्या का अपराध माना जाएगा। उसी के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्यवाही की है।
इस सम्बंध में कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और चाइनीज मांझा जब्त किया गया है। उनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है, इसके साथ ही और दुकानों पर छापेमारी की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
